फिरोजपुर। थाना मल्लांवाला पुलिस ने कनाडा भेजने का झांसा देकर एक युवक से आठ लाख रुपये ठग लिए। तरनतारन के दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपी फरार हैं।
पीड़ित संतोख सिंह वासी बस्ती भंबा सिंह वाली (पल्ला मेघा) जिला फिरोजपुर ने पुलिस को बताया कि उसकी आरोपी परमजीत सिंह और सुखबीर कौर वासी सरहाली कलां जिला तरनतारन से मुलाकात हुई। आरोपियों ने उसके बेटे गुरप्रीत सिंह को कनाडा भेजने की बात कही। इसके लिए आरोपियों ने संतोख सिंह से 13 लाख रुपये ले लिए। काफी समय बीतने के बाद भी आरोपियों ने न तो उनके बेटे को कनाडा भेजा और न ही धनराशि वापस मांगी। आरोपियों ने गुरप्रीत को कनाडा नहीं भेजने पर पांच लाख रुपये लौटा दिए और बाकी के पैसे कुछ समय बाद देना तय हुआ। आरोपियों ने निर्धारित समय पर बाकी धनराशि नहीं लौटाई। जब उक्त धनराशि संतोख ने मांगी तो आरोपियों ने देने से इनकार कर दिया। इस पर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। एएसआई सुखपाल सिंह के मुताबिक बुधवार को आरोपी परमजीत सिंह और सुखबीर कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस छापे मार रही है।