-
संवाद न्यूज एजेंसी ममदोट (फिरोजपुर)। धमकी से परेशान एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने मरने से पहले एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। वहीं, सुसाइड भी छोड़ा, जिसमें एक विधायक व एसएचओ समेत पांच लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। दरअसल, युवक के ट्रक की किसी अन्य ट्रक से टक्कर हो गई थी। आरोपियों ने सियासी दबदबा दिखाकर युवक का ट्रक जब्त करवा दिया और उसे धमकियां देने लगे।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो में नौजवान ओम प्रकाश कह रहा है कि उसका ट्रक किसी अन्य ट्रक से टकरा गया था। इस मामले को लेकर सियासी नेताओं ने एसएचओ संग मिलकर उसका ट्रक थाने में बंद करवा दिया। उसके बाद उसे धमकियां देने लगे। उक्त आरोपियों ने उसे जलील भी बहुत किया, इसलिए उसने जहरीली वस्तु निगल ली, जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई। उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। ओम प्रकाश ने मरने से पूर्व बनाई अपनी वीडियो में एक विधायक, एसएचओ समेत पांच लोगों के नाम लिए हैं। इसके अलावा उसने एक सुसाइड नोट भी लिखा था, उसमें भी एक विधायक, एसएचओ सहित पांच लोगों के नाम लिखे हैं, इन्हीं को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। उधर, पुलिस का कहना है कि उक्त मामले की तफ्तीश की जा रही है। सबूतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
-
फोटो कैप्शन -ओम प्रकाश
फोटो कैप्शन -सुसाइड नोट, इसमें लिखें हैं आरोपियों के नाम।