रेल डिवीजन फिरोजपुर में रेलवे की टीम ने विभिन्न ट्रेनों में छापामारी कर बिना टिकट यात्रा कर रहे 1178 यात्रियों को काबू कर चार लाख 41 हजार 405 रुपये का जुर्माना वसूल किया। यह जानकारी डीआरएम अनुज प्रकाश ने दी।
डीआरएम अनुज प्रकाश ने बताया कि बिना टिकट यात्रा करने वाले लोगों की धरपकड़ के लिए डिवीजनभर में 205 अधिकारियों व कर्मियों की अलग-अलग टीम गठित की गई। उक्त टीमों ने डिवीजन से चलने वाली प्रत्येक ट्रेनों में छापामारी की।
इस छापामारी में 1178 लोगों को बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा गया। डीआरएम ने लोगों से अपील की कि बिना टिकट यात्रा ना करें। यदि कोई बिना टिकट पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।