सरकार की नीतियों से परेशान होकर व्यापारियों और उद्यमियों ने बुधवार को जालंधर के आबकारी व कराधान कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
इंडस्ट्रियल एंड ट्रेडर्स एसोसिएशन की एक्शन कमेटी के बैनर तले दिए गए इस धरने में हजारों की संख्या में व्यापारियों व ट्रेडर्स ने हिस्सा लिया। दोपहर एक बजे तक कारोबारियों ने सेल्स टैक्स कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर कामकाज को ठप्प रखा।
इंडस्ट्रियल एंड ट्रेडर्स एक्शन कमेटी के आह्वान पर मिलाप चौक पर भारी संख्या में व्यापारी एकत्रित हुए। सुबह 10 बजे कारोबारियों का जमघट लगना शुरू हो गया। 10 बजकर 40 मिनट पर कारोबारियों ने एक्शन कमेटी के बैनर तले रविंदर धीर व गुरशरण सिंह के नेतृत्व में पैदल रोष मार्च निकाला और बीएमसी चौक स्थित कार्यालय के बाहर पहुंचकर धरना लगा दिया। इस दौरान व्यापारियों ने जमकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
व्यापारी नेताओं ने सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया कि अगर सरकार ने उनकी मांगों को नहीं माना तो सरकार के खिलाफ व्यापारी कारोबार बंद कर प्रदर्शन करेंगे। व्यापारी नेता रविंदर धीर ने कहा कि यह कैसी सरकार है कि एक तरफ किसानों को कई हजार करोड़ की बिजली मुफ्त दी जा रही है वहीं दूसरी तरफ व्यापारियों के गले में टैक्स का फंदा लगाकर उनकी सांस घोटी जा रही है। सरकार व्यापारियों को हर तरफ से तंग कर रही है।
प्लाट की रेगुलाइजेशन, ई-ट्रिप, वैट रिफंड, एडवांस टैक्स, प्रापर्टी टैक्स, प्रोसेसिंग फीस, सी-फार्म सहित कई ऐसे तुलगकी फरमान हैं, जिससे व्यापारियों की जान सांसत में है। बुधवार को प्रदर्शन में सवा सौ से ऊपर संस्थाओं के प्रतिनिधि शरीक हुए, जिसमें इंडस्ट्री, ट्रेडर्स और दुकानदार शरीक हुए।
सरकार तो हवा पर भी टैक्स लगा दे : गुरशरण
गुरशरण सिंह ने कहा कि सरकार के नादरशाही फरमान के कारण इंडस्ट्री पलायन कर रही है। इंडस्ट्री पर टैक्स ही इतने थोप दिए गए हैं कि इंडस्ट्री की हालत पतली हो चुकी है। सरकार का बस चले तो हवा पर भी टैक्स लगा दिया जाए। उद्योगपति शांत गुप्ता ने भी राज्य सरकार को जमकर कोसा।