ममदोट पुलिस ने जाली आधार कार्ड, 10वीं कक्षा का सर्टिफिकेट और जन्म प्रमाणपत्र के आधार पर सेना में नौकरी लेने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी का नाम सुरेंद्र सिंह है लेकिन उसने नौकरी हासिल करने के लिए अपना नाम जसविंदर सिंह रख लिया था। फिलहाल आरोपी फरार है।
गुरविंदर सिंह वासी सीमांत गांव गट्टी मस्ता ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि सुरेंद्र सिंह वासी गट्टी मस्ता ने अपना नाम बदलकर जसविंदर सिंह रख लिया है। उसने सेना में नौकरी हासिल की है। यही नहीं आरोपी ने सेना में नौकरी प्राप्त करने के लिए 10वीं कक्षा का जाली सर्टिफिकेट, जाली आधार कार्ड और जन्म सर्टिफिकेट तैयार करवाएं हैं। इन्हीं के आधार पर सेना में नौकरी कर रहा है। आरोपी की जन्म तिथि 19 मई 1996 है लेकिन सर्टिफिकेटों पर उसने अपनी जन्म तिथि एक फरवरी 2000 की है। गुरविंदर सिंह को जब उसकी उक्त हरकतों का पता चला तो आरोपी उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा। इस संबंधी गुरविंदर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने पूरे मामले की बारीकी से तहकीकात की। सभी सबूत मिलने पर पुलिस ने आरोपी जसविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सूत्रों का कहना है कि ममदोट क्षेत्र सीमावर्ती है और साथ में पाकिस्तान की सीमा लगती है। उक्त एरिया में तस्कर सक्रिय है। पुलिस इस बात की भी तहकीकात कर रही है कि आरोपी ने जाली दस्तावेज तैयार कर सेना में नौकरी क्यों हासिल की है। सेना में इस तरह नौकरी हासिल करना गंभीर मामला है।