लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में मंगलवार को छठे दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता कॉमनवेल्थ ऑफ डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट ने की। वे विश्व के सबसे युवा प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि अपने आप, अपने विशाल देश और विश्व रचयिता में विश्वास रखें।
स्केरिट ने कहा कि यूनिवर्सिटी से बाहर कदम रखते हुए दुनिया का सामना सकारात्मक ढंग से करें, आप भी किसी देश के प्रधानमंत्री या किसी कंपनी के सीईओ या फिर प्रमुख उद्यमी भी बन सकते हो। प्रधानमंत्री रूजवेल्ट ने विद्यार्थियों के विशाल समुदाय को प्रेरित किया।
इस दौरान उन्होंने 2015 बैच के विभिन्न अकादमिक प्रोग्रामों में स्वर्ण पदक विजेता व टॉप पोजीशन प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इसमें 7810 रेगुलर, डिस्टेंस एजुकेशन व पार्ट टाइम विषयों के विद्यार्थियों ने डिग्रियां व डिप्लोमा प्राप्त किए। एलपीयू ने भी प्रधानमंत्री स्केरिट को उनकी दूरदर्शिता और नवीनता उन्मुख नेता होने के नाते अपनी डॉक्टर ऑफ लैटर्ज की मानद डिग्री से सम्मानित किया।
विधार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अपने महान कार्यों से आप भी आप से आगे आने वाली युवा पीढ़ी को प्रेरित कर सकते हो। इस दौरान उन्होंने एलपीयू को विश्व की प्रगतिशील यूनिवर्सिटियों में से एक बताया। प्रधानमंत्री स्केरिट ने एलपीयू के साथ आपसी सहयोग की तीव्र इच्छा जाहिर की। इसके द्वारा वे विद्यार्थियों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आदान प्रदान करना चाहते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भौगोलिक सीमाएं हमारे लिए चुनौतीपूर्ण नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो सम्मान मुझे आज एलपीयू में मिला है वह मैं दोनों भारत और डोमोनिका देशों के युवा वर्ग को उनके कठिन परिश्रम के प्रति समर्पित करता हूं। आगे कहा उनसे आग्रह करता हूं कि वे एक नए वैश्विक समाज का निर्माण करते हुए उसका संचालन भी करें।
चांसलर अशोक मित्तल ने कहा कि आप अपने जीवन में उन चीजों से शुरुआत करें जैसा कि आप चाहते हैं, सफलता अवश्य मिलेगी। इस दौरान लवली ग्रुप के चेयरमैन रमेश मित्तल, वाइस चेयरमैन नरेश मित्तल, चांसलर अशोक मित्तल, प्रो. चांसलर रश्मि मित्तल, वाइस चांसलर डॉ. रमेश कंवर तथा डायरेक्टर जनरल इंजी. एचआर सिंगला उपस्थित थे।