पानीपत रेलवे ट्रैक बंद होने से सोमवार को भी जालंधर सिटी स्टेशन और जालंधर कैंट स्टेशन से लगभग 27 ट्रेनें रद्द कर दी गई। पंजाब से दिल्ली आने-जाने वाली ट्रेनों के रद्द होने से रेल यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
दिल्ली जाने वाले यात्रियों का जालंधर सिटी स्टेशन और जालंधर कैंट स्टेशन पर जमावड़ा लगा, मगर कोई ट्रेन न होने से यात्रियों को वापस लौटना पड़ा।
जालंधर सिटी स्टेशन और जालंधर कैंट स्टेशन से दिल्ली को जाने वाली और दिल्ली से पंजाब में आने वाली 27 ट्रेनें रद्द की गई। इनमें शताब्दी एक्सप्रेस, शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस, आमृपाली एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस, दादर एक्सप्रेस, पठानकोट-दिल्ली एक्सप्रेस, फ्लाइंग एक्सप्रेस, टाटामूरी इत्यादि ट्रेनें शामिल हैं।
ट्रेनों के कैंसल होने से सोमवार को जालंधर स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर से करीब डेढ़ लाख रुपये का रिफंड किया गया। सोमवार को पंजाब से वाया सहारनपुर रेलवे ट्रैक से जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, गोल्डन टैंपल, जन साधारण एक्सप्रेस, हावड़ा एक्सप्रेस और हावड़ा मेल इत्यादि ट्रेनों को ही चलाया गया।