संवाद न्यूज एजेंसी
होशियारपुर। डंकी रूट से आस्ट्रेलिया के लिए निकले होशियारपुर जिले के गांव भागोवाल का एक युवक धुरी और नवांशहर के दो युवकों के साथ ईरान में बंधक बना लिया गया। अमृतपाल सिंह (23) को आस्ट्रेलिया जाते समय ईरानी एजेंट्स ने बंधक बना लिया। परिवार को इस बारे में पता चला तो वे परेशान हो गए। उन्होंने बताया कि डंकरों ने उन्हें छोड़ने के लिए एक करोड़ रुपये की मांग की।
युवक अमृतपाल सिंह के पिता जोगिंदर सिंह, माता गुरदीप कौर तथा मामा गुरदेव सिंह ने बताया कि युवक के परिजनों द्वारा इतनी रकम देने में असमर्थता जताने के बाद अपहरणकर्ता प्रति युवक 18 लाख रुपये लेने पर राजी हो गए हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा अमृतपाल सिंह पिछले माह होशियारपुर के एजेंटों के माध्यम से आस्ट्रेलिया जाने के लिए घर से निकला था। उन्होंने बताया कि अमृतपाल सिंह ने आस्ट्रेलिया जाने के लिए होशियारपुर के एजेंटों को कर्ज लेकर पहले 18 लाख रुपए दे दिए थे, अब जब एजेंट्स ने फिरौती मांगी है तो वे यह रकम देने में असमर्थ हैं। उन्होंने सरकार से गुहार लगाई है कि उनके बेटे अमृतपाल सिंह को एजेंट्स से छुड़वाकर वापस लाया जाए। इस संबंध में थाना मॉडल टाउन होशियारपुर के एसएचओ गुरसाहिब सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर कथित आरोपी एजेंट धीरज, कमल अटवाल और एक लड़की के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।