टांडा। दो समुदायों के लोगों के बीच कैरम खेलने को लेकर हुए विवाद और मारपीट के मामले में एक समुदाय के लोगों द्वारा घर बेचकर पलायन की धमकी देने के बाद हरकत में आई पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं रविवार को पुलिस ने मामले का मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
नगर के मोहल्ला टंडोला में कैरम खेलने को लेकर दो समुदायों में 28 मई को विवाद हो गया था। जिसमें मोहल्ला निवासी आनंदी और रामचंद्र ने दूसरे समुदाय के लोगों पर कैरम खेलने के दौरान शोर मचाने और अपशब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब आरोपियों से ऐसा न करने को कहा तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। आनंदी और रामचंद्र का आरोप है कि दूसरे समुदाय के लोगों ने घर में घुस कर मारपीट की। जिसमें रोहित और कुंती घायल हो गए। इसके बाद एक पक्ष के लोगों ने मामले में पुलिस पर उचित कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए घरों पर घर बिकाऊ है लिख दिया था और पलायन की बात कह दी थी। इसके बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे एडीएम जेपी गुप्ता और अपर पुलिस अधीक्षक संसार सिंह ने पीड़ित परिवार से वार्ता की और आरोपियों के विरुद्ध फिर से तहरीर लेकर पुलिस पूर्व में दर्ज एनसीआर को मुकदमे में तरमीम करते हुए सात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी इम्तियाज को रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया जबकि, रियाज, इकराम और मुस्तकीम को सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
टांडा इंस्पेक्टर और सैदनगर चौकी के प्रभारी लाइन हाजिर
रामपुर। टांडा में एक समुदाय के लोगों द्वारा मकानों को बेचने की सूचना लिखे जाने और पलायन की बात कहे जाने के बाद हरकत में आई पुलिस ने मामले में सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, सोमवार को एसपी ने टांडा कोतवाल माधो सिंह बिष्ट को लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस की कोरोना सेल के प्रभारी परवेज कुमार को टांडा का नया कोतवाल बनाया गया है। इसके साथ ही एसपी ने सैदनगर चौकी के प्रभारी राजीव कुमार को भी लाइन हाजिर कर दिया है।
टांडा के टंडोला मोहल्ले में एक समुदाय के लोगों द्वारा मारपीट के एक मामले में पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाते हुए पलायन की बात कही गई थी। जिसके बाद पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने जहां एक और पीड़ितों से बात कर उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए पुलिस द्वारा सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं इसी बीच टांडा कोतवाल माधो सिंह बिष्ट को लाइन और सैदनगर चौकी प्रभारी राजीव कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने टांडा प्रभारी निरीक्षक माधो सिंह बिष्ट को लाइन हाजिर करते हुए उनके स्थान पर कोरोना सेल प्रभारी परवेज कुमार को टांडा का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया है। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने कुछ उपनिरीक्षकों की तैनाती भी बदली है। जिसमें दिलीप कुमार को पुलिस लाइन से थाना बिलासपुर, सतीश कुमार को प्रभारी चौकी कस्बा बिलासपुर से पुलिस लाइन, रजी अहमद को वाचक सेल से कोरोना सेल, संजय कुमार को पुलिस लाइन से थाना बिलासपुर, राजकुमार और जितेंद्र सक्सेना को पुलिस लाइन से थाना शहजादनगर, पवन कुमार को थाना बिलासपुर से पुलिस लाइन और वीरेश कुमार को पुलिस लाइन से सिविल लाइंस थाने भेजा है। हालांकि एसपी शगुन गौतम का कहना है कि कार्य में लापरवाही, विवेचना में शिथिलता और अधिकारियों के आदेश की अवहेलना के आरोप में टांडा के इंस्पेक्टर और सैदनगर चौकी के प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है।