संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। थाना ममदोट पुलिस ने एक व्यक्ति से तीन लाख रुपये ठगने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने खुद को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) मुलाजिम बताकर ठगी को अंजाम दिया। आरोपियों ने उक्त व्यक्ति को कार में डालकर एनडीपीएस का केस दर्ज करने की धमकी दी थी।
दोना रहीमेके निवासी रणजीत सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह बाइक पर अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में कार सवार आरोपी विक्रमजीत सिंह निवासी विजय नगर जलालाबाद, सूबा सिंह निवासी बस्ती बोहड़ियां गुरुहरसहाय व सुरेंद्र सिंह निवासी फाजिल्का ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसे जबरदस्ती पकड़कर कार में डाल लिया। आरोपियों ने खुद को एसटीएफ मुलाजिम बताया और कहा कि तू हेरोइन बेचता है। उन्होंने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की धमकी दी। आरोपियों ने मामला दर्ज न करने की एवज में उससे तीन लाख रुपये मांगे। रणजीत सिंह के अनुसार केस दर्ज होने के डर से उसने आरोपियों को तीन लाख रुपये दे दिए। बाद में उसे पता चला कि आरोपी एसटीएफ के मुलाजिम नहीं थे। उसके साथ ठगी की गई है। थाना ममदोट पुलिस ने रणजीत सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।