संवद न्यूज एजेंसी
होशियारपुर। पंजाब सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए होशियारपुर जिले के नारू नंगल खास, सिंगड़ीवाल और पट्टी गांवों में नए खेल मैदानों का उद्घाटन किया है। इन मैदानों का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें नशे से दूर रखना है।
विधायक ब्रह्मशंकर जिंपा ने नारू नंगल खास में 40 लाख रुपये की लागत से बने खेल मैदान का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करते हैं। सिंगड़ीवाल में कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने मुख्यमंत्री खेल मैदान का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि राज्य में 3,148 खेल मैदान और 6,000 गांवों में जिम स्थापित करने की योजना है। इस दौरान खिलाड़ियों को क्रिकेट और वॉलीबॉल किटें भी दी गईं। सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल और विधायक डॉ. इशांक कुमार ने गांव पट्टी में मुख्यमंत्री खेल मैदान का उद्घाटन किया। डॉ. चब्बेवाल ने कहा कि इस वर्ष करीब 3,100 ग्रामीण खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। इशांक कुमार ने बताया कि खेडां वतन पंजाब दियां का चौथा सीजन 5 सितंबर से शुरू होगा, जिसमें 10 लाख से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे।