संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। पत्नी-साले और कार बाजार मालिकों से परेशान होकर 33 वर्षीय युवक ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। उसकी शादी महत दो माह पहले ही हुई थी। मृतक की पहचान संत एनक्लेव, चोपड़ा कॉलोनी निवासी इंद्र अरोड़ा के रूप में हुई है। थाना डिवीजन नंबर पांच की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इंद्र अरोड़ा के पिता राजेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अमृतसर में खाद्य भंडार की दुकान चलाता है। मंगलवार को वह अपने घर में मौजूद था तो उनकी पत्नी बेटे के कमरे में गई, जहां बेटा उल्टियां कर रहा था। उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां पता चला कि इंद्र ने अपनी पत्नी मनदीप कौर, साले विशाल और शर्मा कर बाजार के मालिक रिंकू शर्मा और बबलू शर्मा से तंग आकर सल्फास निगल ली है। मृतक की पत्नी और साला, फिरोजपुर के मक्खु के रहने वाले हैं। परिवार ने कहा कि कार बाजार मालिकों ने ही इंद्र की शादी करवाई थी। शादी के दस दिन बाद ही मनदीप काैर ने इंद्र के साथ लड़ाई-झगड़ा शुरू कर दिया था और अपने मायके लौट गई थी। इसके बाद मनदीप कौर, इंद्र के साले और कार बाजार मालिकों ने इंद्र को परेशान करना शुरू कर दिया था। उसे धमकी दी जाती थी कि अगर इंद्र शादी में हुआ खर्चा वापस नहीं करता तो मरवा दिया जाएगा। इससे इंद्र परेशान रहता था। इस मामले में थाना-पांच के प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल चौधरी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।