झपटमारों को पकड़ने के लिए 1 किमी. महिला ने किया पीछा, खुद भी हुई घायल
झपटमारों को लोगों ने पिटाई कर किया पुलिस के हवाले
संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। शहर के ढाकी मोहल्ला में दिनदहाड़े शाम करीब 4:30 बजे दो स्नेचरों ने बाजार जा रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। इसके बाद दोनों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन महिला ने हौसला नहीं हारा और अपनी स्कूटी पर ही पल्सर बाइक सवार दोनों स्नेचरों का 1 किमी. पीछा कर म्युनिसिपल कॉलोनी के पास टक्कर मारकर गिरा दिया। हालांकि, इस हादसे में वह खुद भी बुरी तरह घायल हो गई। उनके सिर पर टांके लगाने पड़े, लेकिन महिला की इस बहादुरी और होशियारी के कारण दोनों झपटमार पकड़े गए।
वहीं, स्थानीय लोगों के सहयोग से महिला ने स्नेचरों को पुलिस के हवाले कर दिया है। काबू किए गए एक स्नेचर ने अपने आप को बटाला का रहने वाला बताया है, जबकि दूसरा छोटेपुर का रहने वाला है। दोनों ने लोगों के सामने माना कि वे नशे के आदी हैं तथा इसकी पूर्ति के लिए ही महिला से चेन झपटी थी।
जानकारी के अनुसार शाम करीब 4:30 बजे ढाकी निवासी हरिज्योति अपनी स्कूटी पर म्यूनिसिपल काॅलोनी से होते हुए गांधी चौक की ओर आ रही थी। जैसे ही वह ढाकी रोड बजरी कंपनी के पास पहुंची तो पीछे से आई बाइक पर सवार दो युवकों ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली। महिला ने शोर मचाया, लेकिन कोई भी व्यक्ति स्नेचेरों के पीछे नहीं भागा। महिला ने हौसला बनाए रखा तथा अपनी स्कूटी से बाइक का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर जैसे ही झपटमार बाइक घुमाने लगे तो महिला ने उनकी बाइक को अपनी से स्कूटी से टक्कर मारकर गिरा दिया। टक्कर मारते ही महिला भी सड़क पर गिर पड़ीं, उनके सिर पर गहरी चोट आई है। वहीं, थाना 2 के कार्यकारी प्रभारी जगदीश राज ने बताया कि दोनों आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है। अदालत में पेश कर उनका पुलिस रिमांड मांगा जाएगा, ताकि अन्य वारदातों के बारे में भी जांच की जा सके।
फोटो:-4-घटना में घायल हुई हरिज्योति जानकारी देती हुई।