सुल्तानपुर लोधी (कपूरथला)। सुल्तानपुर लोधी निवासी एक फोटोग्राफर युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। एक दिन पहले सिविल के शवगृह में रखा शव उक्त फोटोग्राफर युवक निकला है। इसके बाद जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस गंभीरता से मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि युवक के शव पर गंभीर चोटों के निशान भी हैं। वहीं, डीएसपी सब-डिवीजन दीपकरण सिंह ने बताया कि घटना स्थल के नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं।
13 जनवरी लोहड़ी की रात से लापता युवक तीक्षित (30 वर्षीय) निवासी न्यू मॉडल टाउन सुल्तानपुर लोधी के भाई अमृत ने बताया था कि उसका भाई तीक्षित 13 जनवरी लोहड़ी की रात एक फंक्शन कवर करने के बाद लगभग 10 बजे अपनी बाइक से घर के लिए चला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा है। रात 11 बजे के बाद से उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है। अमृत ने यह भी बताया था कि उन्होंने लापता होने के संबंध में सुल्तानपुर लोधी पुलिस और पंजाब पुलिस के कंप्लेंट नंबर 112 पर भी शिकायत दर्ज करवाई थी। वहीं, दूसरी तरफ 13 जनवरी की रात को शेखूपुर के नजदीक धर्मकंडा के पास सामने एक युवक घायल अवस्था में मिला था और उसकी बाइक पास ही पड़ी थी। इसको कपूरथला नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर राहुल कुमार ने मानवता के आधार पर एंबुलेंस के जरिये सिविल अस्पताल भेजा था। इसकी पुष्टि राहुल कुमार ने भी की है। वहीं, सिविल अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार रात 12:30 बजे एक शव शवगृह में रखवाया गया है। डीएसपी सबडिवीजन दीपकरण सिंह ने बताया कि इस मामले में प्राथमिक जांच में एक्सीडेंट होने की बात सामने आ रही है। वहीं, सिविल अस्पताल के शवगृह में रखे शव की सूचना सिटी थाना को 14 जनवरी की रात को मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम जांच में जुट गई है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर रही है।