पत्नी ने पुलिस को अपहरण की लिखवाई थी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। पठानकोट के मामून आर्मी बेस से एकदम लापता होने वाला जवान रविवार रात कैंप लाैट आया है। सेना के जवान सलिंदर कुमार निवासी मध्य प्रदेश हाल निवासी पठानकोट मामून कैंट की पत्नी अनुराधा ने थाना मामून केे पुलिस स्टेशन में सलिंदर के अगवा होने संबंधी रिपोर्ट लिखवाई थी।
महिला ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में कहा था कि वह अपने पति के साथ ही आर्मी बेस पठानकोट मामून में रहती है और उसके पति 15 मई को घर से सामान लेने निकले थे जो वापस नहीं आए। कुछ समय बाद उसे मैसेज आया कि तुम्हारे पति को अगवा कर लिया गया है हमें पैसे डालो। अगवा करने वाले ने लाखों रुपये की फिराैती मांगी। इसके बाद थाना मामून कैंट पठानकोट की पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, थाना मामून की प्रभारी प्रीति ने कहा कि उक्त सेना जवान बिना बताए अपने घर मध्य प्रदेश चला गया था और रविवार रात खुद ही वापस आ गया है। ऐसे में यह सब ड्रामा क्यों रचा गया इसकी पुलिस जांच कर रही है। वहीं, उक्त जवान से अभी सेना पूछताछ कर रही है और पुलिस के सामने पेश होने के बाद ही मामले का गंभीरता से पता चल पाएगा कि आखिर यह ड्रामा रचने की क्या वजह रही। हालांकि सूत्रों से पता चला है कि पैसों के चक्कर में यह पूरा ड्रामा रचा गया है क्योंकि जवान द्वारा शेयर मार्केट में भी पैसे लगाने की बात सामने आ रही है।