सीआईए स्टाफ व डिवीजन नंबर एक की पुलिस ने संयुक्त नाकेबंदी कर एटीएम लूटने वाले गैंग का भंडाफोड़ कर इसके तीन सदस्यों को दबोचा है। जिनके पास से लूट की कार के अलावा कार में फिट गया गैस सिलेंडर व अन्य सामान बरामद किया गया है। गिरोह का सरगना एक शातिर अपराधी है, जो जेल में किडनैपिंग के केस में बंद था। वह पत्नी की बीमारी का बहाना बनाकर जेल से छुट्टी पर आया था और लूटपाट की वारदात करने लगा था।
डीसीपी बलकार सिंह, एडीसीपी सिटी सुडनविजी ने प्रेसवार्ता में बताया कि सीआईए स्टाफ व पुलिस डिवीजन नंबर एक की तरफ से संयुक्त नाकेबंदी विधीपुर फाटक के निकट की गयी थी, जहां पर आई-20 कार को तलाशी के लिए रोका तो उसमें बैठे तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया। जिनकी पहचान रमन कुमार पुत्र विसेसर नाथ निवासी अमृतसर, ललित कुमार बब्बल निवासी तरनतारन, राकेश कुमार सुलतानपुर लोधी के रूप में हुई।
पूछताछ में रमन कुमार ने बताया कि वह शादीशुदा है और एमसीजे अमृतसर में सरकारी नौकरी करता था। 2016 में रमन कुमार ने बब्बल सहित अपने चार साथियों के साथ जालंधर से प्रापर्टी डीलर महिंदर कुमार कालू को हथियारों के बल पर किडनैप किया था और 20 लाख की फिरौती की मांग की। वह इस मामले में गिरफ्तार हो गया और अदालत ने 2018 में उसे उम्रकैद को सजा सुनाई थी। रमन कुमार कपूरथला जेल में बंद था, जबकि बब्बल इस मामले में भगोड़ा हो गया। अप्रैल 2019 में रमन कुमार अपनी पत्नी का इलाज करवाने के लिए एक सप्ताह की छुट्टी पर आया था। बाद में रमन जेल वापस नहीं गया और उसके द्वारा पेश किया गया पत्नी का मेडिकल सर्टिफिकेट फर्जी पाया गया। इसके बाद तरनतारन पुलिस ने रमन की पत्नी सुशमलता व चिकित्सक के खिलाफ जालसाजी का मामला दर्ज कर लिया था। इस मामले में रमन वांछित था। रमन कुमार के फरार होने के बाद बब्बल व अपने साथियों के साथ मिलकर नया गिरोह तैयार किया, जिसमें राकेश निवासी सुलतानपुर को शामिल किया।
गिरोह ने एटीएम लूटपाट करने की योजना तैयार की। रंजीत एवन्यू अमृतसर से प्रणव चोपड़ा से पिस्तौल के बल पर कार लूटी और गैस सिलेंडर व सारे साजो सामान उसमें फिट कर लिया। कार पर फर्जी नंबर लगाया। गिरोह मानावाला अमृतसर से ओबीसी बैंक का एटीएम लूटने के लिए आ रहा था कि पुलिस के हत्थे चढ़ गया।