घनी आबादी वाले क्षेत्र सराफा बाजार में शुक्रवार की देर रात पिस्तौल के दम पर चार लुटेरों ने कारीगर आधा किलो सोना लूट लिया। घटना के बाद एसपी फगवाड़ा मनविंदर सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। 4 अज्ञात लुटेरो के खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज कर लिया गया है। वारदात के बाद सराफा कारोबारियों में दहशत का माहौल है।
शनिवार को एसपी मनविंदर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालती रही, जिसके आधार पर 4 लुटेरों के सीसीटीवी से लिए चित्र जारी किए गए है। पुलिस को दी गई शिकायत में विद्युत डोगरा ने बताया कि वह अन्य कारीगरों के साथ सराफा बाजार में दूसरी मंजिल पर स्थित एक चौबारे में सोने के जेवर बनाने का काम करता है। शुक्रवार की रात वह साथियों के साथ काम कर रहा था। इतने में दो नकाबपोश युवक वहां पर आ गए और आते ही पिस्तौल निकाल कर उसकी कनपटी पर रख दी। इसके बाद मारपीट कर उसके पास से करीब 500 ग्राम सोना छीन लिया। इसी बीच लुटेरों के दो साथी भी वहां पर आ गए। लूटा गया सोना आसपास की दुकानों से जेवर बनाने के लिए आया था।
विद्युत ने बताया कि लुटेरे उनके मोबाइल भी छीन कर ले गए। पीड़ित मुताबिक चार लुटेरों में एक सिख और तीन मोने थे। एक हिंदी बोलता था। एसपी मनविंदर सिंह ने बताया कि लुटेरों की तस्वीरें मोहल्ले में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस छानबीन कर रही है। पुलिस मुताबिक एक मोबाइल की लोकेशन फगवाड़ा के गांव पलाही की आई है, जिसके चलते वहां भी पुलिस पार्टी सक्रियता से काम कर रही है।