जालंधर। अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाइवे पर विधिपुर फाटक के पास रोड क्रॉस कर रहे बाइक सवार को पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। जब तक बाइक सवार और कार चालक कुछ समझ पाते पीछे से आई दूसरी कार भी टकरा गई, जिससे तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
मोटरसाइकिल सवार युवक राहुल कुमार ने बताया कि उसकी बाइक पंचर थी जिसे ठीक करवाने के लिए वह सड़क पर कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही कार अनियंत्रित होकर उनके ओर तेजी से आती दिखी तो वह मोटरसाइकिल छोड़कर भाग खड़े हुए। गाड़ी चालक गुरप्रताप सिंह ने बताया कि वह जैसे ही विधिपुर फाटक के पास पहुंचा तो मोटरसाइकिल सवार अचानक सामने आ गया और जब तक वह कार को नियंत्रित कर पाता टक्कर हो चुकी थी। हादसे के बाद पीछे आ रही कार चालक दविंदर सिंह ने बताया कि उनके सामने एकदम से हादसा हुआ जब तक वह कंट्रोल कर पाते घटना हो चुकी थी। मौके पर पहुंची थाना मकसूदां की पुलिस ने वाहनों को सड़क से हटवाकर हाईवे क्लीयर करवाया। किसी भी पक्ष ने पुलिस को शिकायत नहीं दी है।