-आरोपी लविश पंजाब में हत्या और जबरन वसूली सहित कई मामलों में वांछित था
-लविश ने शराब ठेकेदार व ट्रैवल एजेंट की रेकी की थी, फायरिंग भी की थी
-
संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। पंजाब पुलिस ने विदेश में छिपे आतंकी अर्श डल्ला और जिंदी महिंदीपुरिया के एक करीबी को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने दी। यह कार्रवाई काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) जालंधर और होशियारपुर पुलिस ने गुजरात पुलिस के सहयोग से की।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी लविश आतंकी अर्श डल्ला के इशारे पर काम कर रहा था और लोगों को डराने के लिए उन पर फायरिंग कर जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल था। गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उसके खिलाफ हत्या, जबरन वसूली का प्रयास और कई अन्य गंभीर अपराध दर्ज हैं।
उन्होंने कहा कि आरोपी लविश अपने विदेशी हैंडलर के साथ लगातार संपर्क में था, जो पंजाब में एक सनसनीखेज अपराध को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि हम इस अंतरराज्यीय कार्रवाई में शानदार सहयोग के लिए गुजरात पुलिस और डीजीपी गुजरात का धन्यवाद करते हैं।
ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए सहायक इंस्पेक्टर जनरल (एआईजी) सीआई जालंधर नवजोत सिंह माहल ने कहा कि पंजाब पुलिस पिछले कुछ महीनों से आरोपी लविश की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। उन्होंने बताया कि हमने गुजरात पुलिस के सहयोग से आरोपी लविश को गुजरात के उस्मानपुरा क्षेत्र से सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया। एआईजी ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी लविश ने राहों स्थित शराब ठेकेदार और नवांशहर स्थित एक ट्रैवल एजेंट की रेकी की थी, जिनसे अर्श डल्ला ने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) होशियारपुर संदीप कुमार मलिक ने कहा कि आरोपी लविश मई 2024 से होशियारपुर के मॉडल टाउन क्षेत्र में हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद फरार था। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी ने किसी व्यक्ति से पैसे की जबरन वसूली के लिए उसे डराने के लिए सुखदेव नगर में उसके घर पर गोलियां भी चलाई थीं। उन्होंने कहा कि इस मामले में अन्य लोगों की पहचान और आगे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। जिंदी महिंदीपुरीया मारे गए आतंकवादी तेजा महिंदीपुरी का भाई है। आरोपी लविश अपने विदेशी हैंडलर के साथ लगातार संपर्क में था, जो पंजाब में एक सनसनीखेज अपराध को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।
-