-संवेदनशील बन रहे चुनाव के मद्देनजर मुख्य चुनाव अधिकारी ने दिए निर्देश
भारी मात्रा में नशीले पदार्थ व नकदी पहुंच रही, 9 से 11 तक रहेगा ड्राई डे
-
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। तरनतारन उपचुनाव संवेदनशील बनता जा रहा है। चुनाव को प्रभावित करने के लिए हलके में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ, नकदी व अन्य सामान पहुंचाया जा रहा है जबकि रंजिशन हमलों व अगवा इत्यादि करने के भी आरोप-प्रत्यारोपों का दौर हावी है। पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी ने सख्ती करते हुए यह निर्देश दिए हैं कि 9 नवंबर शाम के बाद से मतदान संपन्न होने तक किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े बाहरी नेता को हलके में न आने दिया जाए। सुरक्षा एजेंसियां व पंजाब पुलिस इन निर्देशों को सुनिश्चित करेगी। इसके अलावा 9 से 11 नवंबर शाम 6 बजे तक ड्राई डे घोषित किया गया है। क्षेत्र में 1600 से ज्यादा जवान तैनात कर दिए गए हैं।
पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी शुक्रवार को तरनतारन उपचुनाव में मतदान से पहले अफसरों संग की अंतिम तैयारियों का जायजा ले रहे थे। सिबिन सी ने अफसरों को निर्देश देते हुए कहा कि यदि मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए नकदी, शराब या किसी भी प्रकार की मुफ्त वस्तुएं बांटने की शिकायत मिलती है तो उसके विरुद्ध तुरंत और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों की 100 प्रतिशत लाइव वेबकास्टिंग सुनिश्चित करने के आदेश दिए। साथ ही आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार समयबद्ध कार्रवाई की जाए। पुलिस नाकों पर सीसीटीवी और पैट्रोलिंग टीमों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। तरनतारन के डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी और एसएसपी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को बताया कि उपचुनाव के लिए सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
100 मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन क्षेत्र में कुल 114 स्थानों पर 222 (60 शहरी और 162 ग्रामीण) मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 100 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। 9 मॉडल मतदान केंद्र और महिलाओं के लिए विशेष रूप से समर्पित 3 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। साथ ही दिव्यांग मतदाताओं और युवा मतदाताओं के लिए एक-एक विशेष मतदान केंद्र भी बनाया गया है। एसएसपी ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार जिले में 9 नवंबर शाम 6 बजे से 11 नवंबर शाम 6 बजे तक ड्राई डे घोषित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के 768 और पंजाब पुलिस के 876 जवान तैनात किए गए हैं। सभी 114 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों के 480 जवान रहेंगे तैनात। पड़ोसी जिलों की सीमाओं पर 6 नाके लगाए गए हैं। मतदान से 72 घंटे पहले 22 पेट्रोलिंग टीमें संवेदनशील मतदान केंद्रों पर गश्त करेंगी।