जालंधर में आदमपुर के गांव हरिपुर स्थित सरकारी स्कूल के खेल मैदान में उस समय हड़कंप मच गया, जब बच्चों के पास एक संदिग्ध ड्रोन आकर गिरा।
विज्ञापन
बच्चे ड्रोन को उठाकर गांव के सरपंच के पास ले गए, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। डीएसपी राजीव कुमार ने टीम सहित घटनास्थल का निरीक्षण किया और ड्रोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
शुरुआती तौर पर गांव के लोगों में डर का माहौल बन गया था, क्योंकि ड्रोन के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। जांच के दौरान मौके पर पहुंचे आर्मी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह सेना का ड्रोन है, जो टेस्टिंग के दौरान तकनीकी कारणों से स्कूल मैदान में गिर गया था।
अधिकारियों के अनुसार, फायरिंग रेंज क्षेत्र में सेना द्वारा नियमित रूप से ड्रोन परीक्षण किए जाते हैं और इससे किसी प्रकार का खतरा नहीं है। डीएसपी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने की बजाय प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। वहीं सुरक्षा एजेंसियां ड्रोन की तकनीकी जांच कर रही हैं ताकि पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड तैयार किया जा सके। इस दौरान मौके पर आर्मी के अधिकारी रविंदर भी घटना स्थल पहुंचे। उन्होंने बताया कि आर्मी का ड्रोन है, जो यहां पर गिर गया।