जालंधर-फगवाड़ा हाईवे पर हुंडई शोरूम के बाहर वीरवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ट्रक से जा टकराई। हादसे में एक नौजवान की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान जालंधर के राज नगर बस्ती बावा खेल के रहने वाले इरिक (19) के रूप में हुई। वहीं घायल की पहचान इरिक के दोस्त साबी के तौर पर हुई है।
उसे निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने फिलहाल धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक इरिक के पिता हेमंत जालंधर में प्रापर्टी डीलर हैं और इरिक उनका इकलौता बेटा था। वीरवार रात को वह अपने दोस्त साबी के साथ उसकी टरेनो कार से जालंधर-फगवाड़ा हाईवे पर एक पार्टी में गया था।
इरिक के दोस्तों के अनुसार उसने हादसे के कुछ देर पहले ही अपनी एक सेल्फी खींचकर दोस्तों को भेजी थी। देर रात साबी और इरिक पार्टी से लौट रहे थे।
गाड़ी साबी चला रहा था। हुंडई शोरूम के पास गाड़ी आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी, जिससे इरिक की मौके पर ही मौत हो गई। साबी घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक गाड़ी की रफ्तार बहुत तेज थी, जिस कारण हादसा हुआ।
इरिक एपीजे कॉलेज में बीकॉम सेकेंड ईयर का स्टूडेंट था। साबी भी उसके साथ ही पढ़ता है।