संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। शहर के नलकियां वाला चौक के पास एक 62 वर्षीय महिला से दिनदहाड़े थैला छीनकर फरार हुए दो बाइक सवार आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान वीरू निवासी कोठे खंजूरा और अमना निवासी गांव देहड़का के रूप में की है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी गई है।
थाना सिटी के इंचार्ज परमिंदर सिंह ने बताया कि शेरपुर कलां निवासी अमरजीत कौर ने पुलिस को शिकायत दी थी। अमरजीत कौर शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे मेन बाजार से नलकियां वाला चौक की तरफ पैदल जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने उनके हाथ से थैला छीन लिया और मौके से फरार हो गए। थैले में करीब 5,700 रुपये नकदी, मोबाइल फोन, डॉक्टर की दवाइयों की फाइल और आधार कार्ड की कॉपी थी। यह वारदात दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए वारदात वाले स्थान के आसपास और उनके फरार होने वाले रास्तों पर लगे 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज को एक-एक कर जोड़ने के बाद आरोपियों की पहचान हुई और उन्हें शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी परमिंदर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपियों ने इससे पहले कितनी वारदात को अंजाम दिया है और उनके खिलाफ पहले से कितने मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों का पिछला आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।