संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। जिले के कोटली क्षेत्र में बने एक निजी काॅलेज में प्रोग्राम करने पहुंचे पंजाबी गायक बागी को विरोध का सामना करना पड़ा। उन्हें स्टेज शो के लिए काॅलेज प्रबंधन ने आमंत्रित किया था।
बुधवार दोपहर बाद काॅलेज प्राेग्राम में शामिल होने के लिए जैसे ही गायक काॅलेज के बाहर पहुंचे तो हिंदू संगठन के लोगों ने उनका विरोध करना शुरू कर दिया। पुलिस ने संगठन के लोगों को बागी तक पहुंचने नहीं दिया। जिसके चलते सहमे बागी ने मुश्किल से काॅलेज में प्रवेश किया। हिंदू संगठनों के अनुसार बागी द्वारा पहले गाए गानों में हिंदू संगठन की भावनाओं को ठेस पहुंची है। जय श्री राम कमेटी दीनानगर के सदस्य जीवन ठाकुर और रंजीत सिंह सलारिया ने बताया कि गायक बागी आए दिन अपने गानों में विवादित बोल बोलकर युवा पीढ़ी का गलत मार्गदर्शन कर रहे हैं। पहले भी बागी ने श्री शनिदेव महाराज और यमराज महाराज प्रति गलत टिप्पणी की है। उनकी टीम ने बागी के खिलाफ पुलिस स्टेशन दीनानगर में शिकायत थी ताकि वे उक्त पुलिस स्टेशन में आकर हिंदू संगठनों से माफी मांगें। वहीं, काॅलेज प्रबंधन ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि अगर बागी माफी नहीं मांगेंगे तो उनसे शो भी नहीं करवाया जाएगा। इसके बाद काॅलेज प्रबंधन रमन भल्ला ने कहा कि संगठन के लोगों के साथ गायत बागी का समझौता हो गया है।