जालंधर में लोगों को संबोधित करते सिद्धू मूसेवाला के पिता।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
प्रसिद्ध पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के परिजनों का इंसाफ मार्च शनिवार को जालंधर के लतीफ पुरा में पहुंचा। यहां उजड़े घरों में पंडाल लगाकर बैठे लोगों से मुलाकात करने के बाद मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने आप सरकार को जमकर कोसा।
बलकौर सिंह ने कहा कि किसी की छत छीन ली और किसी का सहारा, इन दिल्ली वालों पर दोबारा भरोसा नहीं करना। हमें सड़कों पर आने का शौक नहीं लेकिन जालंधर में सड़कों पर उतरे हैं। सरकार और प्रशासन की नाकामी के कारण उन्होंने बेटा खोया। उन्होंने कहा कि जब मैं शाम को अपने अंदर झांकता हूं तो बेटा सवाल करता है आज इंसाफ के लिए कितने अफसर और मंत्रियों से मिले, वहीं मां की नींद तब उड़ जाती है, जब उसे सपने बेटे के शरीर पर लगी गोलियां और बहता हुआ खून दिखाई देता है।
बलकौर सिंह ने कहा कि जालंधर ने भी कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया और व्यापारी टिमी चावला सहित कई लोगों को खोया है जो मेहनत कर बुलंदियों को छू रहे थे उन्हें फिरौती दिलाकर मरवा दिया और सरकार सिर्फ कातिलों को पकड़ सकी साजिश कर्ताओं को नहीं।
सिद्धू की मां ने कहा कि मैं बेटा खोने का दर्द समझती हूं जिन्हें सरकार ने डिब्रूगढ़ जेल भेज दिया उन बच्चों की मांओं पर क्या बीत रही होगी। वाहेगुरु ने हौसला दिया है हम लड़ते रहेंगे। मेरे बेटे की सिक्योरिटी वापस ली यह कहकर कि वीवीआइपी कल्चर खत्म करेंगे और आज 1200 पुलिस मुलाजिम और काफिला लेकर ऐश कर रहे हैं। विधायक और मंत्री भी मौज कर रहे हैं।