जालंधर में घर के बाहर खड़ी कार को बनाया निशाना, आरोपी फरार
सामान शिफ्ट करने के लिए गाड़ी हटाने को कहा था, इसी बात पर हुआ था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। थाना डिवीजन नंबर-1 के अंतर्गत श्री गुरु नानक नगर में नागरा फाटक के पास पार्किंग विवाद में अज्ञात हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी कार पर गोलियां चला दीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सामान शिफ्ट करने के लिए कार हटाने को कहने पर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था।
एसीपी नॉर्थ कर्नैल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच में पता चला कि श्री गुरु नानक नगर निवासी साहिल पुत्र जनक राज ने अपनी कार घर के बाहर खड़ी की थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने सामान शिफ्ट करने के लिए उससे कार दूसरी जगह खड़ी करने को कहा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद अज्ञात लोगों ने कार पर गोलियां चला दीं और फरार हो गए।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एसीपी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नरेट पुलिस मामले की जांच कर रही है।