प्रधान को उठाकर ले जाती पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
जालंधर में व्यापारी एसोसिएशन के प्रधान से थाना प्रभारी द्वारा धक्कामुक्की करने के विरोध में गुस्साए करीब 400 दुकानदारों ने शुक्रवार को अपनी दुकानें बंद कर अड्डा टांडा-रेलवे रोड जाम कर दिया। धरने के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दुकानदारों ने मांग रखी है कि कमिश्नर खुद यहां आएं और व्यापारियों की शिकायत सुनें या थाना 3 के प्रभारी इंस्पेक्टर कमलजीत यहां आकर सभी के सामने माफी मांगें। इसके बाद शाम करीब चार बजे थाना तीन की पुलिस ने धरना दे रहे व्यापारियों को खदेड़ दिया। साथ ही प्रधान को गाड़ी में डालकर थाने ले गई।
गुरुवार को माई हीरा गेट और अड्डा टांडा के व्यापारी थाना नंबर 3 में किसी मामले को लेकर शिकायत करने पहुंचे थे। वहां प्रधान दीपक जोशी ने किसी मामले को लेकर थाना प्रभारी कमलजीत के साथ किसी की फोन पर बात करवानी चाहिए तो इस पर गुस्साए प्रभारी ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और थाने से बाहर निकाल दिया। जिसके बाद गुस्साए दुकानदारों ने धरना लगाने की चेतावनी दी थी।
शुक्रवार को करीब 400 दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद अड्डा टांडा-रेलवे रोड जाम कर दी और धरना लगा दिया। प्रधान दीपक जोशी ने कहा कि जब तक हमारी मांग पूरी नहीं की जाती तब तक यह धरना इसी तरह जारी रहेगा और दुकानें भी नहीं खोली जाएंगी। इस धरना प्रदर्शन को लेकर अंदरूनी बाजारों में जाम लग गया है।
भाजपा नेता मिंटा को भी लिया हिरासत में
माई हीरां गेट बाजार के प्रधान दीपक जोशी को हिरासत में लेने के बाद उसके समर्थन में धरने पर बैठे भाजपा के वरिष्ठ नेता मिंटा कोछड को भी थाना तीन की पुलिस मौके से उठाकर ले गई। मिंटा कोछड़ जिला भाजपा युवा इकाई के प्रधान के साथ साथ व्यापारी व कई संगठनों के पदाधिकारी भी हैं। लिहाजा, पुलिस व व्यापारियों के बीच देर शाम तक तनाव बना हुआ था।