दीनानगर में पढ़ाई कर रही छात्रा की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में थाना तारागढ़ पुलिस ने गुरदासपुर के एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान कीमती लाल के तौर पर हुई है।
शिकायतकर्ता तारागढ़ एरिया की रहने वाली 20 वर्षीय छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बयान दर्ज करवाए कि वह दीनानगर के एक कॉलेज में द्वितीय वर्ष की छात्रा है। दो वर्ष पहले गुरदासपुर के रहने वाले युवक के साथ उसकी दोस्ती हो गई। इसी दौरान मेल-मिलाप बढ़ गया। इस बात का पता उसके माता-पिता को चला तो उनके समझाने पर उसने लड़के से बोलचाल और मिलना जुलना छोड़ दिया। इसके बाद आरोपी उसे ब्लैकमेल करने लगा और धमकियां देने लगा कि उससे शादी नहीं की तो उसकी अश्लील फोटो फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वायरल कर देगा। लड़का कॉलेज जाते वक्त उसका पीछा करता था और गलत इशारे करता था। ऐसा कर वह शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन जब वह नहीं मानी तो युवक ने उसकी अश्लील फोटो फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिए। फिलहाल पुलिस ने युवती की शिकायत पर कीमती लाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।