कोलकाता में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए गैंगस्टर जयपाल भुल्लर का शव शनिवार देर शाम फिरोजपुर उसके घर पहुंचा। वहीं उसके साथ मारे गए जसप्रीत सिंह जस्सी का शव खरड़ पहुंचा। रविवार को जयपाल का फिरोजपुर में अंतिम संस्कार किया जाएगा। जबकि गैंगस्टर जस्सी की चिता को शनिवार को बहन ने अग्नि दी और पुलिस सुरक्षा में पत्नी भी शामिल हुईं।
जयपाल के पिता भूपिंदर सिंह अमृतसर से शनिवार को जयपाल का शव लेकर फिरोजपुर अपने घर पहुंचे। जयपाल के घर पर पुलिस ने घेरा डाला हुआ था। पुलिस की देखरेख में ही कोलकाता से हवाईजहाज से अमृतसर और अमृतसर से सड़क द्वारा फिरोजपुर जयपाल का शव लेकर पहुंचे। घर के अंदर पुलिस वालों ने किसी भी मीडियाकर्मी को नहीं जाने दिया।
जयपाल के परिवार वालों का कहना है कि रविवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जयपाल पर 50 से अधिक हत्या और लूटपाट के मामले दर्ज हैं। जयपाल और उसके साथियों ने कुछ दिन पहले जगराओं में दो पुलिस इंस्पेक्टरों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसी के बाद से पुलिस जयपाल को तलाश रही थी। कोलकाता में जयपाल और उसके साथी जस्सी का एनकाउंटर हुआ था। 2016 में शिमला के रास्ते पड़ते परवाणु के पास फाजिल्का के गैंगस्टर जसविंदर सिंह रॉकी की हत्या करने के बाद जयपाल सुर्खियों में आया था और जयपाल ने अपने दोस्त शेरा का बदला रॉकी को मार कर लिया था। जयपाल को शक था कि रॉकी ने पुलिस को शेरा के बठिंडा होने की खबर दी थी तभी पुलिस ने शेरा को घेरकर मौत के घाट उतारा था।