फिरोजपुर। जेल अधिकारियों ने बैरकों में अचानक दबिश देकर वहां से सात मोबाइल फोन पकड़े हैं। यही नहीं एक हवालाती भी मोबाइल के साथ दबोचा है। उधर, थाना सिटी पुलिस ने शनिवार को जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट सतनाम सिंह की शिकायत पर एक हवालाती समेत दो के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक एक गुप्त सूचना के आधार पर जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट सतनाम सिंह ने जेल मुलाजिमों के साथ विभिन्न बैरकों में दबिश दी। बैरक नंबर-ग्यारह से जेल मुलाजिमों को छह मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, इनमें चार टच स्क्रीन, दो की-पैड वाले व एक चार्जर शामिल थे। इसके बाद अधिकारियों ने बैरक नंबर-चार में दबिश दी, यहां बैरक के गेट के पास खड़े हवालाती राकेश कुमार वासी गांव शेरे वाला की तलाशी लेने पर एक मोबाइल फोन मिला है। इस संबंधी जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट सतनाम सिंह ने थाना सिटी पुलिस को शिकायत दी है।
उधर, थाना कैंट पुलिस ने हवालाती राकेश कुमार समेत दो के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जेल से मिले मोबाइल फोन की जांच के लिए लैब में भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि पिछले पंद्रह दिनों में लगातार जेल से मोबाइल फोन व नशीले पदार्थ बरामद हो रहे हैं। कुछ दिन पहले जेल के वार्डन अशोक कुमार को गिरफ्तार किया था, जो कैदियों और हवालातियों को मोबाइल फोन व नशीले पदार्थ पहुंचाता था। उसकी अलमारी चेक करने पर 70 नशे की गोलियां और मोबाइल फोन मिले थे।