दीपावली के कारण जालंधर में सुरक्षा बंदोबस्त कड़े कर दिए गए हैं। कमिश्नर राम सिंह ने खुद सुरक्षा की कमान संभाल ली है और फील्ड में उतर आए हैं।
तमाम राजपत्रित अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं कि वे अगले दो दिन फील्ड में वर्क करें और शहर की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करें। कमिश्नर राम सिंह ने सारे राजपत्रित अधिकारियों की बैठक बुलाकर उनको हिदायतें जारी कर दी हैं। शहर की सुरक्षा के लिए दोनों एडीसीपी सिटी, एडीसीपी हेडक्वार्टर के अलावा क्राइम के एडीसीपी को जिम्मेदारी दी गई है।
बाजारों पर खास निगरानी रखी जा रही है। संकरे बाजारों में आने जाने वाले लोगों पर खासी निगाह पुलिस व एजेंसियों ने रखी हुई है। शहर के भीतर आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग का अभियान तेजी से चलाया जा रहा है।
एडीसीपी सिटी नरेश डोगरा ने जनता से भी सहयोग की अपील की है और कहा है कि किसी लावारिस वस्तु को देखकर तत्काल इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम या उनके मोबाइल नंबर पर दी जाए।
उन्होंने दुकानदारों से भी अपील की कि वे संदिग्ध लोगों पर खुद निगाह रखें।