पठानकोट में हिमाचल सीमा के साथ लगते इलाके में चला अभियान
नशा तस्करों पर नकेल कसने के लिए पठानकोट पुलिस द्वारा हिमाचल सीमा के साथ लगते हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। ऑपरेशन के लिए एसएसपी पठानकोट और आईजी एसटीएफ मौजूद रहे। आईजी एसटीएफ ने बताया गया कि पुलिस के पास कुछ जानकारी है जिसके तहत इन इलाकों में सर्च किया जा रहा है। नशे पर नकेल कसने के लिए यह कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है। वहीं अमृतसर के मकबूलपुरा एरिया में भी सर्च अभियान चलाया गया।
सुनाम में तस्करों के घर पर रेड
एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू के नेतृत्व में सुनाम पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कारवाई की। नशा बिक्री के लिए बदनाम इलाके में पुलिस ने 31 जगहों पर नाकाबंदी की। तीन घंटे तक तस्करों के घरों में सर्च ऑपरेशन चला। इस दौरान कई प्रकार का नशा व नकदी बरामद करने के अलावा बगैर नंबर के कई दोपहिया वाहन जब्त किए गए। इस इलाके में तस्करों ने अपने घरों के कई दरवाजे बना रखे हैं तांकि किसी दबिश से बचने के लिए अन्य रास्ते से भागा जा सके। सर्च के दौरान कई तस्कर घरों में ताला लगा कर फरार हो गए। एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने घरों पर पुलिस पहरा बिठाने के आदेश दिए। आईजी एमएस छीना कहा कि पुलिस ने अभियान के तहत ऑपरेशन किया है। इस ऑपरेशन की भनक तक नहीं लगने दी गई थी।
सुनाम में पुलिस चौकी के पूरे स्टाफ का तबादला, एएसआई निलंबित
सुनाम नई अनाज मंडी पुलिस चौकी की ढीली कारगुजारी को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने कड़ा एक्शन लिया है। चौकी में तैनात सभी 17 पुलिस मुलाजिमों के तबादले कर दिए गए हैं। इसी इलाके में पुलिस ने शनिवार को विशेष ऑपरेशन को अंजाम दिया है। एसएसपी सिद्धू ने बताया कि चौकी का पूरा स्टाफ बदल दिया गया है और एक एएसआई को निलंबित किया गया है। एसएसपी सिद्धू ने कहा कि नशे के खात्मा करने के लिए पुलिस का दृढ़ इरादा है और किसी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। शनिवार के विशेष ऑपरेशन के दौरान बेनकाब हुए नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा और जो घरों से भागे हैं, उनका घरों में लौटने तक इंतजार किया जाएगा।