डेरा सचखंड बल्लां के मुखिया संत निरंजन दास को विदेश यात्रा के दौरान प्रचार करने को लेकर धमकी दी गई है। ट्रस्ट ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत देकर विदेश में अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। एसएसपी (ग्रामीण) स्वर्णदीप सिंह को दी गई शिकायत में ट्रस्ट ने कहा कि संत निरंजन दास इस समय विदेश (स्पेन) दौरे पर हैं, जहां उन्हें एक व्यक्ति ने फोन पर कहा कि वह व्यक्ति इटली से बोल रहा है, उसने उन्हें धमकाते हुए कहा कि वह यहां अपने धर्म का प्रचार न करें। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह नंबर कपूरथला जेल से संचालित है।
बता दें कि संत निरंजन दास इन दिनों स्पेन में हैं। इसके बाद वह अपने विभिन्न धार्मिक कार्यों के लिए जर्मनी, फ्रांस और नीदरलैंड जाएंगे। डेरा सचखंड बल्लां को समर्पित रविदासिया समाज से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने संयुक्त ज्ञापन में देश-विदेश में संत निरंजन दास की अधिकतम सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं धर्म के अनुयायियों ने इसे राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि हम किसी को अपने धर्म का प्रचार-प्रसार करने का अधिकार है फिर चाहे वह देश में करें या विदेश में लेकिन कुछ शरारती तत्वों को यह बर्दाश्त नहीं है।
उधर, एसएसपी स्वर्णदीप सिंह ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है, धमकी क्यों दी गई, इसके पीछे कौन-कौन है, इसका पता लगाया जा रहा है। प्राथमिक जांच में बात सामने आई है कि जिस नंबर से धमकी दी गई वह कपूरथला जेल से ऑपरेट होता है। फोन की तलाशी शुरू कर दी गई है और बरामद होते ही आरोपी भी उनकी गिरफ्त में होंगे।
बठिंडा: गैंगस्टर बुडढा ने जेल अधिकारियों को दी धमकी
उधर, बठिंडा केंद्रीय जेल में बंद गैंगस्टर सुखप्रीत बुडढा ने जेल अधिकारियों को जान से मारने की धमकी दी है। थाना कैंट पुलिस ने जेल अधिकारी नवदीप सिंह के बयान पर आरोपी गैंगस्टर के खिलाफ केस दर्जकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायत में जेल अधिकारी नवदीप सिंह ने बताया कि 23 अगस्त को जब जेल प्रशासन गैंगस्टर की जांच कर रहा था तो उसने तलाशी करवाने से इंकार कर दिया और जेल अधिकारियों को जान से मारने की धमकी दी। सब इंस्पेक्टर बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्जकर लिया है। सूत्र बताते हैं कि कुछ समय पहले भी इसी गैंगस्टर ने जेल में तैनात एक अधिकारी को धमकी दी थी लेकिन किसी ने शिकायत दर्ज नहीं करवाई थी।