पठानकोट। अखिल भारतीय सफाई मजदूर यूनियन का शिष्टमंडल चेयरमैन दीपक भट्टी और प्रधान रमेश कटो के नेतृत्व में मेयर पन्ना लाल भाटिया से मिला। इस दौरान उन्होंने कोरोना काल में सफाई कर्मियों को गलब्स और मास्क न मिलने से पेश आ रही परेशानियों के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी असुरक्षित तरीके से अपना काम कर रहे हैं। शिष्टमंडल के प्रतिनिधियों ने निगम के हेल्थ अफसर डाक्टर एन के सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए।
प्रधान रमेश कटो ने कहा कि डॉ. एन के सिंह ने कई सफाई सेवकों को नौकरी से निकाल दिया। उनकी जगह अपने गांव के लोगों को ड्राइवर और सुपरवाइजर बनाकर कार्यालय में तैनात कर दिया है, जिसकी वह निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि एमआईएस एक्सपर्ट भी चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर के भाई को बनाया गया। उसे भी हेल्थ अफसर की सिफारिश से गुरदासपुर से पठानकोट में लगाया है, जबकि यह मौका सफाई सेवकों के पढ़े-लिखे बच्चों को दिया जा सकता था। उन्होंने कहा कि इस संबंधी पांच दिनों के भीतर उनके साथ वार्ता की जाए वरना वह संघर्ष करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। इसकी सारी जिम्मेदारी निगम प्रशासन की होगी। इस मौके पर महासचिव रमेश कटो, स्वर्ण और अन्य शामिल थे। मेयर पन्ना लाल भाटिया ने कहा कि इस संबंधी वह खुद हेल्थ इंस्पेक्टर से बात कर समस्या का समाधान करवाएंगे ताकि कर्मचारियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।