जालंधर में शहीद कांग्रेसी मंत्री दर्शन सिंह केपी के नाम पर बने स्टेडियम में अब सैर करने के लिए 2500 रुपये वार्षिक शुल्क लगेगा। हालांकि आज तक एक रुपये नहीं लिया जाता था। यह फैसला एक जुलाई से लागू होने जा रहा है। इसके बाद बिना एंट्री फीस के स्टेडियम में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
स्टेडियम के बाहर लगे बोर्ड के अनुसार अगर किसी ने 3 महीने के लिए सैर करनी है तो उसे आधार कार्ड देकर आई कार्ड बनवाना होगा और 1000 रुपये एंट्री फीस जमा करवानी होगी। 6 महीने के लिए सैर करने पर 1500 रुपये फीस लगेगी। स्पोर्ट्स क्लब मिट्ठापुर द्वारा जारी इस आदेश के बाद स्थानीय निवासियों में भारी रोष फैल गया है।
मामला नगर निगम कमिश्नर गौतम जैन के पास पहुंच गया है। ज्ञापन में मांग की गई कि नगर निगम इस स्टेडियम का संचालन अपने अधीन ले और आमजन के लिए बनाई गई इस सुविधा को नि:शुल्क रखा जाए। पार्षद बलराज ठाकुर ने कहा कि यह स्टेडियम पंजाब सरकार द्वारा वर्ष 1992 में क्षेत्र के लोगों की सहूलियत के लिए बनाया गया था। बाद में स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत इसे विकसित कर इसमें हॉकी ग्राउंड और सैर के लिए ट्रैक तैयार किए गए। सुबह-शाम बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे यहां टहलते हैं। अब फीस लगाकर जनता को उनके अधिकार से वंचित किया जा रहा है। अगर किसी परिवार के चार सदस्य यहां सैर करने आएंगे तो उन्हें 10,000 रुपये सालाना देने होंगे।
जब यह स्टेडियम स्मार्ट सिटी के अधीन है तो फिर आम जनता के लिए कैसे रोका जा सकता है? पार्षद बलराज ठाकुर ने कहा कि वह इस मामले में आला अधिकारियों से मिल रहे हैं।