पठानकोट सिटी रेलवे स्टेशन पर बुधवार को पहुंची संबलपुर एक्सप्रेस।
- फोटो : PATHANKOT
पठानकोट। करीब 10 महीने के बाद बुधवार को पठानकोट सिटी रेलवे स्टेशन पर रौनक लौटी है। दस महीने बाद पहली ट्रेन के रूप में संबलपुर एक्सप्रेस पठानकोट सिटी रेलवे स्टेशन पर पहुंची। हालांकि, धुंध की चलते ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह 10:40 की बजाय दो घंटा देरी से पहुंची। ट्रेन शुरु होने के बाद यहां के कारोबारियों का अमृतसर से भी रेल लिंक जुड़ गया है।
पहले दिन पहुंची संबलपुर एक्सप्रेस के 19 डिब्बों में ज्यादातर खाली ही थी। पठानकोट से जम्मूतवी के लिए कोई यात्री नहीं चढ़ा। दिल्ली, कानपुर, इटावा व प्रयागराज से करीब 67 यात्री ट्रेन में सफर कर रहे थे। इनमें से ज्यादातर माता वैष्णो देवी के दर्शन करने वाले थे। जम्मूतवी निवासी अब्दुल, राखी, दिल्ली के रंजीत कुमार, नकुल ने बताया कि उन्हें पांच दिन पहले ट्रेन के चलने का पता चला। कानपुर के रामकुमार यादव ने बताया कि कानपुर से जम्मूतवी के लिए कोई ट्रेन न होने के कारण वह माता वैष्णो देवी नहीं जा पा रहे थे। अब ट्रेन में बुकिंग करवा अपने दोस्तों संग माता के दर्शन करने के लिए जा रहे हैं।
हफ्ते में 4 दिन चलेगी संबलपुर एक्सप्रेस
रेल अधिकारियों का कहना है कि संबलुपर से जम्मूतवी के बीच 10 महीने बाद शुरू हुई एक्सप्रेस ट्रेन सात दिन की बजाय केवल चार दिन चलेगी। संबलुपर से ट्रेन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार व रविवार को सुबह 10:40 बजे सिटी स्टेश्न पर पहुंचेगी। वापसी पर यह ट्रेन अगले दिन जम्मूतवी से दोपहर 2:05 बजे चलने के बाद शाम 4:45 बजे सिटी स्टेशन के रास्ते संबलपुर के लिए रवाना होगी। पठानकोट से ट्रेन प्रत्येक मंगलवार, वीरवार, शुक्रवार व शनिवार को चलेगी। ट्रेन में सेकेंड एसी, थर्ड एसी व स्लीपर क्लास कोच की व्यवस्था रहेगी।