अबोहर (फिरोजपुर) में तेज आंधी व बारिश से खेतों में पसरी गेहूं की फसल।
- फोटो : अमर उजाला
कई दिन से बिगड़ रहा मौसम का मिजाज अब किसानों के लिए मुसीबत बनने लगा है। शनिवार रात क्षेत्र में तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं, सरसों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। ओलावृष्टि से पीड़ित किसानों ने सरकार से स्पेशल गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
शनिवार रात करीब 12 बजे शहर व आसपास के गांवों में अचानक बारिश शुरू हो गई। उसके बाद जमकर ओले बरसे। ओलों के कारण नालियां सफेद हो गईं वहीं गेहूं की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई। गांव डंगरखेड़ा के किसान चानन सिंह, तारा चंद, राम लाल, कृष्ण लाल, कालूराम, हरफूल सिंह, जोतराम, दीवान चंद, राम लाल, फकीर चंद ने बताया कि ओलावृष्टि से गेहूं की बालियां टूट गई हैं।
वहीं खेतों में कटी पड़ी सरसों की फसल भी झड़ गई है। बारिश के साथ चली तेज हवाओं के कारण गेहूं जमीन पर बिछ गया है इससे पैदावार में गिरावट आएगी। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से किसान ऐसी आपदाओं से जूझ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ओलावृष्टि से खराब हुई गेहूं की फसल का शीघ्र ही मुआयना करवाया जाए और उन्हें उचित मुआवजा जारी किया जाए। हलका विधायक स.गुरतेज सिंह घुड़ियाना का कहना है कि शीघ्र ही पीड़ित किसानों से मिलकर प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर सरकार को रिपोर्ट पेश की जाएगी। किसानों को उचित मुआवजा दिलवाया जाएगा।