पैक से इंजीनियरिंग करके अमेरिका में 40 लाख रुपये का पैकेज पर काम कर चुकी इंजीनियर बहू स्वाति अग्रवाल की दहेज के लिए हत्या करने के आरोप में डिवीजन नंबर छह की पुलिस ने पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
तीनों को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। वीरवार रात को स्वाति अग्रवाल का शव बाथरूम में पाया गया था। उसकी वीरवार को शादी की तीसरी वर्षगांठ थी। पुलिस ने वीरवार रात को ही उसके पति कुणाल अग्रवाल, सास शशि अग्रवाल व सुसर अनिल अग्रवाल को हिरासत में ले लिया था। लड़की के पिता लुधियाना में न्यू कोलकाता इंटरप्राइजेज के मालिक सुमन गुप्ता ने शुक्रवार को पुलिस को अपने बयान दिए।
सुमन गुप्ता ने बताया कि उन्होंने पैक से इंजीनियरिंग और एमटेक कर चुकी अपनी बेटी स्वाति गुप्ता की शादी 28 नवंबर 2009 को जालंधर में जुबली कंस्ट्रक्शन के मालिक कुणाल अग्रवाल से की थी। शादी में लाखों रुपये के खर्च के अलावा गाड़ी भी दी गई थी। उनकी बेटी स्वाति को कई बार परेशान किया जाता था, जिस कारण परिवार के बुजुर्ग लोगों ने बैठकर इस मामले को कई बार सुलझाया। बावजूद इसके दहेज के लिए परेशान करने का सिलसिला थमा नहीं। स्वाति के पिछले साल बेटा भी हो गया लेकिन फिर भी उसे परेशान किया जाता रहा।
वीरवार को स्वाति की शादी की तीसरी वर्षगांठ थी। उसने रात को स्वाती ने परेशानी भरी हालत में 8.51 बजे अपनी मां को फोन भी किया था। इसके ठीक नौ मिनट बाद उसके ससुर अनिल अग्रवाल का फोन आया कि स्वाति ने खुद को फंदा लगा लिया है।
वे अपने रिश्तेदारों को लेकर जालंधर पहुंचे तो स्वाति का शव देखकर उनकी हालत काफी खराब हो गई। वे वापस चले गए थे। शुक्रवार को वे जब दोबारा आए तो पाया कि स्वाति की गर्दन व शरीर पर निशान थे, जिससे उनको आशंका है कि उनकी बेटी की दहेज के लिए हत्या की गई है। इसमें उसका देवर तरुण अग्रवाल भी शामिल है।
डिवीजन नंबर छह के एसएचओ राजिंदर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने बयान कमलबद्ध करने के बाद कुणाल, अनिल व शशि अग्रवाल की गिरफ्तारी डाल दी है जबकि देवर तरुण अग्रवाल की तलाश की जा रही है। स्वाति का एक साल का बेटा भी है, जिसको उसके ननिहाल वाले साथ लेकर लुधियाना चले गए हैं।