-व्यापारियोव्ने पुलिस से साझा की कॉल्स और मैसेज की डिटेल
-पुलस ने कहा- लिया जा रहा एक्शन, परिणाम नहीं बता सकते
-
संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। आप जवाब नहीं दे रहे हैं न? अब मरने के लिए तैयार हो जाओ। 20 लाख डॉलर दो.....जवाब देने के लिए कल तक का समय है। ये वो मैसेज हैं, जिन्होंने कनाडा के पंजाबी कारोबारियों में खौफ पैदा कर दिया है। यह मैसेज सरी के रिफ्लेक्शन बैंक्वेट हॉल में व्यापारियों ने कैनेडियन पुलिस और प्रशासन के साथ बैठक में बड़ी स्क्रीन में दिखाए। इन व्यापारियों ने उनको अपनी समस्याएं बताईं, जिसके जवाब में पुलिस ने कहा कि कार्रवाई की जा रही है, अभी परिणाम नहीं बता सकते।
इस बैठक में कनाडा के सरी में रहने वाले पंजाबी समुदाय के व्यापारियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक के दौरान ब्रिटिश कोलंबिया के जनसुरक्षा मंत्री और सॉलिसिटर जनरल गैरी बेग, सरी पुलिस प्रमुख लैपिंस्की और आरसीएमपी वरिष्ठ अधिकारी मैंडी ने व्यापारियों की शिकायतें सुनीं। मेयर ब्रेंडा लॉक, सांसद सुख धालीवाल, सांसद तमारा जेनसन ने इसके ऊपर विचार व्यक्त किए। सरी पुलिस प्रमुख और आरसीएमपी अधिकारी वेंडी के पास व्यापारियों में गैंगस्टरों की धमकियों और गोलीबारी से पैदा हुए भय, दहशत और असुरक्षा के माहौल के बारे में एक जवाब था कि पुलिस बल अपना काम कर रही है पर परिणाम साझा नहीं किया जा सकता।
इसके बाद मंच संचालक विनय शर्मा ने सरी न्यूटन के सांसद सुख धालीवाल को मंच पर आने का निमंत्रण दिया। सांसद सुख धालीवाल के साथ सरी फ्लीटवुड के सांसद गुरबख्श सैनी और सरी क्लोवरडेल के सांसद तामीर जेन्सेन भी शामिल हुए। अटॉर्नी जनरल गैरी बेग ने पंजाबी समुदाय को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरी में जो कुछ हो रहा है, वह सिर्फ सरी या एबॉट्सफोर्ड में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में डरावना है। हमारी सरकार आपके साथ खड़ी है।
लगामार भेजे जा रहे मैसेज
इस जनसभा के मुख्य आयोजक सतीश कुमार ने अपने साथ हुई घटनाओं व खुद के दर्द के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बदमाशों द्वारा अपने मोबाइल फोन पर भेजे गए धमकी भरे मैसेज व फिरौती पूरी करने के लिए जान से मारने की धमकी वाले मैसेज बड़ी स्क्रीन पर दिखाए। ऐसे मैसेज भी थे, जिसमें लिखा था कि आप जवाब नहीं दे रहे हैं, है न? अब मरने के लिए तैयार हो जाओ। दूसरे मैसेज में उन्होंने 20 लाख डॉलर की मांग की और चेतावनी दी कि जवाब देने के लिए उनके पास कल तक का समय है। अगर नहीं दोगे... तो मरने के लिए तैयार रहो। ऐसे मैसेज लगातार भेजे जा रहे हैं।