भाजपा नेता ने बताया कि "रात करीब एक बजे धमाका हुआ। मैं सो रहा था, और मुझे लगा कि यह गड़गड़ाहट की आवाज है, बाद में मुझे बताया गया कि विस्फोट हुआ है, इसके बाद मैंने अपने गनमैन को पुलिस स्टेशन भेजा। सीसीटीवी की जांच की गई। सीसीटीवी की जांच में पता चला कि एक शख्स ई-रिक्शा से आया, उसने हैंड-ग्रेनेड का लीवर निकाला और पूर्व मंत्री के घर में फेंक दिया। जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ।
यह भी पढ़ें: पटियाला की बादशाहपुर चाैकी में धमाका: आधी रात तेज आवाज के साथ टूटे शीशे, SSP बोले-ग्रेनेड हमला नहीं हुआ
जालंधर के पुलिस उपायुक्त मनप्रीत सिंह ने घटना की पुष्टि की और कहा कि घटना मनोरंजन कालिया के आवास पर हुई। पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया को पंजाब सरकार द्वारा चार गनमैन अलॉट किए गए हैं। कालिया के सुरक्षा इंचार्ज निशान सिंह हैं। सुरक्षा रात को उनकी कोठी में ही रहती हे। सीसीटीवी के मुताबिक, वारदात रात को एक बजे के बाद हुई। कालिया की कोठी शहर के बीचों-बीच है और एक मिनट की दूरी पर थाना है। सामने नगर निगम का कार्यालय है।
लाॅरेंस बिश्नोई ने पाकिस्तान से मिलकर करवाया हमला
वहीं इस मामले में पंजाब सरकार के मंत्री मोहिंदर भगत का बड़ा बयान सामने आया है। भगत मनोरंजन कालिया का हाल चाल लेने पहुंचे। उन्होंने कहा कि अच्छे माहौल में बातचीत हुई, पुलिस अपना काम कर रही है। पर सच्चाई ये है कि पंजाब में इस तरह की हरकतें लॉरेंस बिश्नोई पाकिस्तान से मिलकर करवा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लॉरेंस बिश्नोई को अहमदाबाद की साबरमती जेल में केंद्र की बीजेपी सरकार द्वारा पूरी सुरक्षा दी जा रही है। ये किसी से छुपा नहीं है कि लॉरेंस के पाकिस्तानियों के साथ संबंध हैं।