ओला कैब आपरेटर एसोसिएशन ने कंपनी पर धोखा करने का आरोप लगाया है। एसोसिएशन का कहना है कि कंपनी ने उनको 45 हजार रुपये महीना देने का वादा किया था। लेकिन अब कंपनी उनको 35 हजार रुपये देने का कह रही है। साथ ही 110 गाड़ियों को साथ रखने से मना कर दिया।
एसोसिएशन के प्रधान जीवनजोत सिंह, उप प्रधान कुलदीप सिंह ने बताया कि नवंबर 2014 में जब कंपनी की शुरू हुई थी तो उनको नई गाड़ियां खरीदने के लिए कहा गया था। कंपनी ने गाड़ी मालिक को 45 हजार रुपये महीना देने की बात कही थी। उस समय कंपनी ने 200 के करीब गाड़ियां अपने साथ जोड़ी थीं। लेकिन अब कंपनी केवल 35 हजार रुपये महीना देने की बात कर रही है।
उन्होंने कहा कि 15 हजार का तो तेल ही लग जाता है। उसके बाद इंश्योरेंश, गाड़ी की किस्त आदि का खर्चा अलग से है। इसके साथ ही कंपनी ने 110 गाड़ियों को भी अपने साथ जोड़ने से इंकार कर दिया है।
कुलदीप ने कहा कि कंपनी वालों को मंगलवार तक का समय दिया गया है। अगर इस दौरान उनकी मांगें न मानीं गईं तो एसोसिएशन 200 परिवारों के साथ कंपनी के खिलाफ सड़कों पर उतर आएगी।
इस संबंध में कंपनी के अधिकारियों ने बात करने से मना कर दिया। संदीप कुमार ने कहा कि वह इस पर कुछ कहने के लिए सक्षम नहीं हैं, जबकि लवप्रीत सिंह का कहना है कि वह कुछ नही कह सकते।