पेप्सी की एजेंसी दिलाने के नाम पर हलवाई से ठगी के मामले में नाम आने पर
कैबिनेट मंत्री भगत चुन्नी लाल के बेटे मोहिंदर भगत ने कहा है कि यह उनके
परिवार को बदनाम करने की साजिश है।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में
भाजपा के शीर्ष नेता मोहिंदर भगत, भाजपा नेता एडवोकेट राजकुमार भल्ला और
भाजपा महासचिव सुभाष भगत ने पेप्सी एजेंसी के नाम पर हुई लाखों की ठगी
मामले पर सफाई दी। मोहिंदर भगत ने कहा कि रमेश नाम का उनका कोई पीए नहीं
है, यह एक साजिश रची जा रही है।
भगत ने कहा कि उनका वादा है कि वह खुद
आरोपियों को गिरफ्तार करवाएंगे और पीड़ित परिवार का साथ देंगे। मोहिंदर भगत
ने कहा कि दो आरोपियों की जमानत हो चुकी है और उन्होंने पुलिस प्रशासन को
कहा है कि तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया जाए। इसमें किसी तरह की कोताही
नहीं बरती जाएगी। मोहिंदर भगत ने इस मामले के पीछे अपने ही कुछ दोस्तों और
कांग्रेसी नेताओं को जिम्मेदार ठहराया। दो दिन से जालंधर में मंत्री भगत
चुन्नी लाल व उनके बेटे मोहिंदर भगत को हलवाई जगदीश बजाज ने कटघरे में खड़ा
कर रखा है। पीड़ित का कहना है कि भगत परिवार के निजी पीए रमेश का भाई, बहन
और पिता उनसे लाखों की ठगी कर गए हैं। यह मामला केंद्रीय मंत्रियों के
अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने भी उठ चुका है।