सिटी एरिया में बूथ नंबर 168 पर जमकर हंगामा हुआ। वहां पर जालंधर के पूर्व मेयर सुरेश सहगल व कांग्रेसी नेता रीटा शर्मा के तकरार हो गई और नौबत धक्कामुक्की व हाथापाई तक पहुंच गई।
महिला नेत्री का आरोप है कि पूर्व मेयर एवं शिअद नेता ने उसको इसलिए पीटा क्योंकि वह बूथ नंबर 168 के बंद कमरे की कुंडी खुलवाने का यत्न कर रही थी, जिसके अंदर शिअद नेता बलजीत सिंह नीलामहल व चरणजीत सिंह मिंटा थे। अकाली नेता एवं पूर्व मेयर सुरेश सहगल इस बात को लेकर भड़क गए और उन्होंने पीट डाला।
बूथ नंबर-168 के कमरे को अंदर से काफी समय तक बंद रखा गया। निगम कमिश्नर मनप्रीत छत्तवाल भी अंदर कुंडी लगाकर बैठे रहे और मीडिया पर अंदर जाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया। यहां तक कि जिनके पास चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए कार्ड थे, उनको भी अंदर नहीं जाने दिया गया। एक घंटा तक निगम कमिश्नर मनप्रीत छतवाल, शिअद नेता मनप्रीत छतवाल, चरणजीत सिंह मिंटा मशीनों के साथ बंद कमरे में रहे।
आखिरकार वहां पर इलाके से पार्षद का चुनाव लड़ चुकी रीटा शर्मा अपने पति सुभाष व अन्य साथियों के साथ आ पहुंची। उसने इस बात का विरोध किया कि शिअद नेता बलजीत सिंह नीलामहल बूथ नंबर का कमरा बंद करके अंदर निगम कमिश्नर के साथ क्या कर रहे हैं? इस बीच पूर्व मेयर सुरेश सहगल अपने साथियों साथ पहुंचे और आकर सुभाष शर्मा व रीटा शर्मा के साथ बहसबाजी शुरू कर दी। रीटा शर्मा ने आरोप लगाया कि उसको धक्के मारे गए और पति के कपड़े फाड़े और पिटाई की गई।
इसके बाद डीसीपी तुलसी राम, एडीसीपी नरेश डोगरा भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और बूथ नंबर 168 का दरवाजा खुलवाया। अंदर शिअद नेता बलजीत नीलामहल व चरणजीत सिंह मिंटा थे। निगम कमिश्नर मनप्रीत छतवाल पर सीधा आरोप लगाया गया कि वे बूथ कैप्चरिंग करवा रहे हैं, इसी कारण मीडिया पर प्रतिबंध लगाकर एक घंटा अंदर जाने नहीं दिया गया। रीटा शर्मा ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में दोबारा उसको थप्पड़ मारे गए।
इसके बाद कांग्रेसी नेता श्रीकंठ जज, बाबी सहगल, पवन गोरा, युकां प्रदेश प्रधान विक्रम चौधरी पहुंचे और डीसीपी तुलसी राम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आखिरकार डीसीपी तुलसी राम ने रीटा शर्मा को आश्वासन दिया कि पूर्व मेयर सुरेश सहगल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया जाएगा।
बूथ कैप्चरिंग नहीं : निगम कमिश्नर
निगम कमिश्नर मनप्रीत छतवाल का कहना है कि मशीन खराब थी, इसलिए कमरा बंद करके उसे ठीक किया जा रहा था। बाहर मुलाजिमों ने मीडिया को एक घंटे तक अंदर क्यों नहीं आने दिया, इस पर छत्तवाल का कहना था कि मुलाजिमों को अकल नहीं है। वे नए हैं उनको क्या पता है?
मशीन ठीक करवा रहा था : नीलामहल
शिअद नेता बलजीत सिंह नीलामहल का कहना है कि बूथ कैप्चरिंग नहीं करवाई गई। मशीन खराब हो गई थी। वे अंदर गए थे, दरवाजा इसलिए बंद किया था क्योंकि लोग काफी अंदर आ रहे थे। इस कारण काफी दिक्कत आ रही थी इसलिए कमरा बंद किया गया था।