स्थानीय अदालत में बुधवार को तारीख पर आए दो गुट मामूली कहासुनी के बाद आपस
में भिड़ गए। इसके बाद एक गुट के सदस्यों ने हवा में फायर कर दिया।
सूचना
पाते ही अदालत के बाहर भारी पुलिस फोर्स इकट्ठी हो गई। एसीपी क्राइम
हरजिंदर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां से चार युवकों को
हिरासत में ले लिया। स्थानीय बारादरी पुलिस नेे दोनों गुटों के लगभग 12
लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।
बुधवार को स्थानीय अदालत में हत्या
के प्रयास के केस में पेशी थी। इसमें लालचंद लाली निवासी न्यू हरगोबिंद नगर
तारीख भुगतने के लिए अदालत आया हुआ था। वहीं दूसरी ओर से अदालत में विकास
कल्याण और उसके साथी मनु सूरी व दीपक भी पेशी पर आए थे।
इस दौरान
दोनों गुटों में आपस में मामूली बात पर कहासुनी हो गई। दोनों गुट अदालत
परिसर के बाहर आकर झगड़ा करने लगे। दोनों गुटों ने अपने-अपने साथियों को
बुला लिया। इस दौरान एक गुट के सदस्यों की ओर से हवाई फायर कर दिए गए।
जानकारी के मुताबिक लाल चंद लाली और विकास कल्याण बीते कुछ समय से रंजिश चल
रही है। बुधवार को यह रंजिश अदालत परिसर में टकराव में बदल गई।
अदालत
परिसर के बाहर गोली चलने की घटना से अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर एसीपी
क्राइम हरजिंदर सिंह, एसएचओ बारादरी भूषण सेखड़ी अदालत परिसर पहुंचे।
उन्होंने चार युवकों लाल चंद लाली, मनु सूरी, दीपक और नरिंदर निवासी गुज्जा
पीर रोड को मौके से काबू कर लिया।
एसएचओ भूषण सेखड़ी का कहना है
कि इसके अलावा पुलिस ने आठ अन्य युवकों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर
दी है। पता चला है कि गोली देसी कट्टे यानी अवैध रिवाल्वर से चलाई गई थी।
एसएचओ सेखड़ी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही हैं।