बिहार के मधुबनी जिले के लखनौर गांव के निवासी दलीप झा पंजाब आने से कतरा रहे हैं। एक तो उनकी आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं है कि वे दुकान बंद कर पैसा खर्च कर पंजाब पहुंचें, दूसरे उन्हें जान का खतरा भी लग रहा है।
आशुतोष महाराज के पुत्र होने का दावा करने वाले दिलीप झा ने अमर उजाला से फोन पर बातचीत में कहा कि वे अभी पंजाब आने की कोई योजना नहीं बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वे अकेले तो आ नहीं सकते, कुछ लोगों के साथ ही आना पड़ेगा। इसके लिए पैसा भी खर्च होगा। यहीं दो वक्त का खाना मुश्किल से खा रहे हैं, आना तो दूर की बात है। वे वक्त आने पर फैसला लेंगे कि पंजाब 10 लोगों के साथ आना है या कम। पंजाब में उनको जान से खतरा भी लग रहा है।
जब दिलीप को यह कहा गया कि पंजाब में जालंधर स्थित डेरा नूरमहल में स्थितियां सामान्य हैं तो उन्होंने जवाब दिया कि सामान्य परिस्थितियों में असामान्य घटनाएं होती हैं।
उन्होंने बताया कि उन्होंने कानूनी प्रक्रियाएं शुरू की हैं, कई अधिकारियों को शिकायत भेजी है। कार्रवाई होगी, ऐसा उन्हें विश्वास है।
ये लगातार खबरें आ रही थीं कि दिलीप जालंधर आने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने अभी इससे इंकार किया। उन्होंने कहा कि वे अभी गांव में अपना रोष प्रदर्शन व अनशन जारी रखना चाहते हैं।