आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने पंजाब की मौजूदा सरकार पर वार करते हुए कहा है कि कितनी अजीब बात है कि पंजाब के उपमुख्यमंत्री के साले राजस्व मंत्री विक्रम सिंह मजीठिया पर करोड़ों की तस्करी के नेटवर्क के आरोप लगाए जा रहे हैं और सरकार उन्हें क्लीन चिट दे रही है।
डीजीपी सुमेध सैनी के बयान और जांच की बात पर संजय सिंह ने कटाक्ष किया कि चोर क्या चोर की जांच करेंगे? खाकी कभी खादी के खिलाफ निष्पक्ष जांच नहीं कर सकती, इसलिए मजीठिया के खिलाफ जांच किसी सुप्रीम कोर्ट या पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के मौजूदा जज से तय समय सीमा के भीतर करवाई जाए।
संजय सिंह आम आदमी पार्टी के हजारों की संख्या में मौजूद सदस्यों को संबोधित करने के बाद मीडिया से मुखातिब थे। संजय सिंह ने कहा कि लाल बत्ती ने देश के राजनीतिज्ञों का दिमाग खराब कर रखा है। राजनीतिक पार्टियां धर्म व नफरत से सत्ता पर आसीन होती आ रही हैं। पहली बार आम आदमी पार्टी ने लोगों के मुद्दों की बात की है।
संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी से कांग्रेस व भाजपा बुरी तरह से घबराई हुई है। भाजपा से जुड़े लोग नकली दल बनाकर आम आदमी पार्टी के कार्यालय पर हमला कर रहे हैं तो अमेठी में कांग्रेसी कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी के वर्करों पीट रहे हैं।
संजय सिंह ने कहा कि पंजाब में नशाखोरी, बिजली, टैक्स की समस्या से लोग परेशान हैं। आम आदमी पार्टी पंजाब में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और पार्टी में किसी भी अन्य पार्टी के नेता को शरीक करने के लिए ट्रिपल सी फार्मूला अपनाएगी। इसमें करेक्टर, क्राइम, करप्शन में क्लीयरेंस सर्टिफिकेट जरूरी है। संजय सिंह ने कहा कि इसके लिए प्रदेश व जिला स्तर पर स्क्रीनिंग कमेटियां बनाई जा रही हैं।
जितने मर्जी केस हों हम अहिंसा से मुकाबला करेंगे
संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में सरकार धक्केशाही से झूठे केस दर्ज कर विरोधियों को जेलों में धकेलने के लिए काफी मशहूर है लेकिन आम आदमी इससे घबराने वाले नहीं है। पंजाब में उनकी चुनौती बादल सरकार को है। वे जितने केस दर्ज कर सकते हैं करें, हम अहिंसा से उनका मुकाबला करेंगे।
तीन सौ से अधिक सीटों पर देश में लड़ेंगे चुनाव
आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में जिस तरह का उत्साह व प्रदेशों से रिपोर्ट आई है, उसके बाद यह फैसला लिया गया है कि देश में लोकसभा 300 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ा जाए।
दंगों के दोषियों पर कार्रवाई को लेकर गंभीर
संजय सिंह ने कहा कि 1984 के दंगों में अभी तक लोगों को इंसाफ नहीं मिला है। दिल्ली में सिख दंगों में दोषियों के खिलाफ केस लड़ रहे सुप्रीम कोर्ट के वकील एचएस फूलका ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। दंगों के दोषियों को सजा दिलाने के लिए हमारी पार्टी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में जिक्र किया था। आप की कोशिश होगी कि दोषियों को हर संभव यत्न कर सजा दिलाई जा सके।
किसी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह का कहना है कि लोकसभा चुनाव में पार्टी अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी। पीपीपी पार्टी के साथ चुनावी गठबंधन पर साफ इंकार करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई संगठनों के विलय पर बात चल रही है। पंजाब या देश में किसी पार्टी के साथ आप गठबंधन नहीं करेगी।
पूर्व डीजीपी शशिकांत के साथ मीटिंग
संजय सिंह ने कहा कि पूर्व डीजीपी शशिकांत नशे के खिलाफ जबरदस्त मुहिम चला रहे हैं। शशिकांत ने उनके साथ संपर्क साधा है। उनके साथ मीटिंग रखी गई है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
प्रशांत भूषण का बयान निजी
संजय सिंह ने कहा कि कश्मीर के मुद्दे पर प्रशांत भूषण ने जो प्रतिक्रिया व्यक्त की है, वह उनकी निजी है। देश में हर किसी को प्रतिक्रिया देने का अधिकार है लेकिन हिंसा से किसी बात का जवाब नहीं दिया जा सकता। ऐसे तो जब अटल बिहारी वाजयेपी प्रधानमंत्री थे तो उन्होंने सीज फायर किया था और वाजपेयी ने सेना वापस बुला ली थी। वाजपेयी को भी ऐसे माफी मांगनी चाहिए। आडवाणी ने भी जिन्ना की कब्र पर जाकर माथा टेका था, उनको भी माफी मांगनी चाहिए।