जालंधर में पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मोहिंदर केपी के बेटे की एक्सीडेंट में हुई मौत के मामले में जिस क्रेटा कार ने मारी थी टक्कर उसे चलाने वाले गुरशरण सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है।
13-14 सितंबर की दरमियानी रात को यह एक्सीडेंट हुआ था जिसमें मोहिंदर केपी के बेटे रिची की मौत हो गई थी। एफआईआर के मुताबिक तेज रफ्तार से आ रही क्रेटा कार ने रिची की फॉरच्यूनर कार को टक्कर मार दी थी। इस एक्सीडेंट में चार कारें दुर्घटना ग्रस्त हुई थी। एक्सीडेंट के बाद क्रेटा कार को चलाने वाला मौके से फरार हो गया था। इसी मामले मे आरोपी ने हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मांगी थी जिसको हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया।
13 सितंबर की रात करीब साढ़े 10 बजे हुए सड़क हादसे में पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद मोहिंदर सिंह केपी के बेटे रिची केपी (36) की मौत हुई थी। हादसा मॉडल टाउन के माता रानी चौक के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने तीन गाड़ियों को टक्कर मार दी। रिची फॉर्च्यूनर कार में सवार थे। वे अपने दोस्त को मोबाइल लौटाने के लिए घर से निकले थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए रिची को पटेल अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में हिट एंड रन का केस दर्ज किया है। बता दें कि रिची अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी दो बहनें हैं।
घटनास्थल पर मौजूद टैक्सी चालक के अनुसार, क्रेटा कार में एक महिला और एक बच्चा भी मौजूद थे, जो हादसे में घायल हो गए। हादसे के बाद क्रेटा चालक मौके से भाग निकला। रिची केपी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के निकट संबंधी थे। उनके पिता मोहिंदर सिंह केपी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, सांसद, मंत्री और पीपीसीसी के प्रधान रह चुके हैं। हालांकि बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़ अकाली दल का दामन थाम लिया था।