-कर्मचारी बोले, फ्री सफर के 1200 करोड़ रुपये पेंडिंग, उपकरण खरीदने व वेतन के पैसे नहीं
-किलोमीटर स्कीम का टेंडर खोला तो पूरे पंजाब में बसें रखेंगे बंद, सीएम आवास पर देंगे धरना
-
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब रोडवेज, पीआरटीसी, काॅन्ट्रैक्टर वर्कर्स यूनियन पंजाब के प्रधान रेशम सिंह गिल ने कहा कि यूनियन के लंबे संघर्ष के बावजूद कर्मियों को पक्का नहीं किया जा रहा है जिसके चलते कर्मचारियों में भारी रोष है। फ्री सफर की सुविधा के लिए 1200 करोड़ रुपये अदायगी नहीं की गई है जिसके चलते विभाग के पास उपकरण खरीदने और कर्मचारियों को वेतन देने के पैसे नहीं है। साथ ही किलोमीटर स्कीम पर बसें हायर करने का प्रयास किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किलोमीटर स्कीम का टेंडर खोला गया तो पूरे पंजाब में बसें बंद की जाएंगी और साथ ही सीएम आवास पर धरना दिया जाएगा। गिल शनिवार को चंडीगढ़ में प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों को पक्का करने के लिए जो पॉलिसी लेकर आई है उससे कोई फायदा नहीं होने वाला है। इससे उलटा कर्मचारियों का ग्रेड कम करने का प्रयास किया जा रहा है, इसलिए वह इस नीति का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि हर महीने कर्मचारियों को वेतन के लिए संघर्ष करना पड़ता है। रोष प्रदर्शन और धरने लगाने पड़ते हैं। यूनियन ने किलोमीटर स्कीम का भी विरोध किया है। गिल ने कहा कि किलोमीटर स्कीम पर बसें हायर करने में विभाग लगा हुआ है जो घाटे का सौदा साबित होगा।