सत्ताधारी अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार से दुखी चल रहे मिट्ठू बस्ती के निवासियों ने शुक्रवार को राज्य सरकार का पुतला फूंक प्रदर्शन किया। इलाका निवासियों ने अकाली-भाजपा सरकार के मंत्रियों और विधायकों के बहिष्कार का फैसला लिया हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
नगर निगम और पंजाब सरकार से खफा मिटठू बस्ती निवासियों ने घोषणा की है कि सरकार के मंत्री और विधायक उनके वार्ड एवं इलाके में दोबारा वोट मांगने न आएं। उनको इंकार के इलावा कुछ नहीं मिलेगा। नाराज इलाका निवासियों ने सरकार के खिलाफ इलाके में बैनर भी लगाए हैं।
इसमें लिखा है कि अकाली-भाजपा सरकार वार्ड नंबर 42 और 43 में वोट मांगने न आए। इस बैनर पर सीएम, डिप्टी सीएम, कैबिनेट मंत्री भगत चुन्नी और उनके बेटे मोहिंदर भगत की फोटो लगाकर उस पर क्रास चिह्न अंकित किए गए हैं। इस दौरान गुरप्रीत सिंह और गुरविंदर सिंह मौजूद थे। मिट्ठू बस्ती का इलाका वार्ड नंबर 43 में पड़ता है और यहां से अकाली दल के वरिष्ठ नेता जत्थेदार प्रीतम सिंह पार्षद हैं।