दलित बच्चों से पोेस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप स्कीम के नाम पर हो रहे खिलवाड़ के विरोध में निगम यूनियनों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम प्रकाश सिंह बादल और केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला का पुतला फूंका।
प्रदर्शनकारियों ने जमकर सरकारी विरोधी नारेबाजी की। उनकी मांग है कि पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप स्कीम की राशि जल्द रिलीज की जाए। पंजाब सफाई मजदूर यूनियन के प्रधान चंदन ग्रेवाल और सीवरमैन इंप्लाइज यूनियन के प्रधान पवन बावा ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने बयान दिया था कि केंद्र सरकार की ओर से पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप स्कीम की राशि रिलीज नहीं हुई है।
निगम यूनियनों ने सीएम के इस बयान की निंदा की है। उन्होंने कहा कि सीएम के इस बयान से उनकी दलितों के प्रति घटिया सोच प्रदर्शित होती है। इस दौरान पंजाब सफाई मजदूर यूनियन, पंजाब सीवरमैन इंप्लाइज यूनियन, ड्राइवर एंड टेक्निकल यूनियन, निगम दर्जा चार यूनियन, एससीबीसी इंप्लाइज यूनियन और सेवादार इंप्लाइज यूनियन के पदाधिकारी और सदस्य शामिल थे।